Showing posts with label my ghazals/मेरी ग़ज़लें. Show all posts
Showing posts with label my ghazals/मेरी ग़ज़लें. Show all posts

Saturday, November 07, 2009

मेरे घर में उस बुढ़ापे के लिये कमरा नहीं

जनसता के वार्षिकी विशेषांक में मेरी एक ग़ज़ल प्रकाशित हुई है। ग़ज़ल तो पुरानी है पर ये ख़बर अच्छी लग रही है।

ग़ज़ल एक बार फिर -

कहने को तो वो मुझे अपनी निशानी दे गया
मुझ से लेकर मुझको ही मेरी कहानी दे गया

जिसको अपना मान कर रोएँ कोई पहलू नहीं
कहने को सारा जहां दामन ज़ुबानी दे गया

मेरे घर में उस बुढ़ापे के लिए कमरा नहीं
वो जो इस घर के लिए सारी जवानी दे गया

आदमी को आदमी से जब भी लड़ना था कभी
वो ख़ुदा के नाम का क़िस्सा बयानी दे गया

हमने तो कुछ यूँ सुना था उम्र है ये प्यार की
नफ़रतों का दौर ये कैसी जवानी दे गया

उस के जाने पर भला रोएँ कभी क्यों जो मुझे
ज़िंदगी भर के लिए यादें सुहानी दे गया

याद है कल ’दोस्त’ हम तो हँसते-हँसते सोये थे
कौन आकर ख़्वाब में आँखों में पानी दे गया

Tuesday, September 01, 2009

ग़ज़ल- है फ़ासले तो बहुत पर मिली हैं राहें कहीं तो


गुज़र गया वो ज़माना, पड़ी हैं यादें कहीं तो
दबी हुई है कहानी, हैं दफ़्न लाशें कहीं तो

मैं जो ज़मीं पे हूँ ज़र्रा, है आसमां उसकी मंज़िल
हैं फ़ासले तो बहुत पर, मिली हैं राहें कहीं तो

किया करूँ मैं दिनो-रात उसकी बातें सभी से
मेरी भी यादों से महके किसी की रातें कहीं तो

मैं हँस रहा हूँ हमेशा कमी नहीं है किसी की
कोई बताता तो होगा उसे ये बातें कहीं तो


बढ़ा के ग़म ढूँढते हैं कहाँ-कहाँ ’दोस्त’ अब हम
चलो उतारे ये सामां, किसी से बाँटें कहीं तो

( इस गज़ल को लिखते वक़्त ६ शेर बने। एक जो शेर और बना वो कुछ यूँ है)-

दिखा रहा था वोजैसे मुझे नहीं जानता है
उसे नहीं याद कोई सुनी हों बातें कहीं तो


(मफ़ाइलुन फ़ाइलातुन ) x 2

Tuesday, June 16, 2009

जो सब कुछ पाने बैठे हैं- ग़ज़ल


जाने क्या ठाने बैठे हैं
वो जो अदना से बैठे हैं

हमको अब जब होश नहीं वो
हद की बातें ले बैठे हैं

ख़ुद का इल्म नहीं है उनको
पर सब को जाने बैठे हैं

कुछ ऐसे हैं, चैन से उकता
के जो ग़म पाले बैठे हैं

जाने क्या कुछ खो दें अब वो
जो सब कुछ पाने बैठे हैं

भीगी इन पलकों पे जाने
कितने अफ़साने बैठे हैं

मेरी गज़लें जिक्र हैं उनका
लो! वो ये माने बैठे हैं

'दोस्त' अब उनको क्या परखें जो
ग़ैरों में जा के बैठे हैं

Wednesday, June 10, 2009

ग़ज़ल- बड़ी ऊँची हैं दीवारें


चलो खु़द को ज़माने से मिला दें अब
नया ये काम कर के ही दिखा दें अब

बड़ा अनजान लगता है शहर मेरा
बड़ी ऊँची है दीवारें, गिरा दें अब

हो दिल में आग पर लब पर तबस्सुम हो
उन्हें मिलने का ये फ़न भी सिखा दें अब

तुम्हें है चैन ना मुझको क़रार आये
रुका सैलाब इन आंखों से बहा दें अब

नुमाइश की हमें आदत नहीं पर हाँ
सिहर जाओ जो ज़ख्म अपने दिखा दें अब

बड़ी धुँधली सी बातें कह रही आँखें
चलो झीना ये पर्दा भी हटा दें अब

उन्हें अपने जो ग़म से हो ज़रा फ़ुर्सत
तो 'दोस्त' अपना भी दर्द उनको सुना दें अब
.
(बहरे हज़ज़ मुसद्दस सालिम)
मुफ़ाईलुन x३
ग़ज़ल पर इस बहर की अच्छी जानकारी के लिये- सुबीर जी के ब्लाग यहाँ जायें

Thursday, May 14, 2009

उम्र बन के रह गई है - ग़ज़ल


आपकी आँखों में मुझ को मिल गई है ज़िंदगी
सहरा-ए-दिल में कोई बाक़ी रही ना तश्नगी

रात के बोसे का शम्मे पर असर कुछ यूँ हुआ
उम्र भर पीती रही रो-रो के उस की तीरगी

उससे मिलके एक तुम ही बस नहीं हैरां कोई
है गली-कूचा परेशां देख ऐसी सादगी

आजकल दिखने लगा है मुझको अपना अक़्स भी
आजकल क्या आइना भी कर रहा है दिल्लगी

झुक गया हूँ जब से उसके सजदे में ऐ ’दोस्त’ मैं
उम्र बन के रह गई है बस उसी की बंदगी
फ़ाइलातुन x3 फ़ाइलुन
(बहरे रमल मुसम्मन महज़ूफ़)

Saturday, March 21, 2009

ग़ज़ल-तेरे सिवा

तुझे ज़रा तो चैन हो मेरे खयाल के सिवा
कहीं नज़र तो आये कोई और भी मेरे सिवा


तु आ के मेरी ज़िंदगी में देख ले है क्या नहीं
हँसी, खुशी, चहक, महक, सभी तो है तेरे सिवा


चलो गुज़र गई जो फिर ये शाम कल की ही तरह
नया तो कुछ हुआ नहीं कभी गुज़रने के सिवा


मुझे कहाँ किसी सहारे की उम्मीद थी मगर
हज़ार हाथ आये थे, बस एक हाथ के सिवा


तू रख ज़रा सा सब्र ’दोस्त’, कर गुमां भरम पे ये
जहां में उसके और कौन है भला तेरे सिवा


(मफ़ाइलुन x 4)
बहरे रज़ज़ मुसम्मन सालिम

Wednesday, March 18, 2009

ग़ज़ल-मुझे तू आज़मा के देख तो कभी



तुझे यकीं ये हो न हो, मैं दोस्त हूँ तेरा, हाँ सच
ऐ आइना मैं अजनबी सा लगता हूँ तो क्या, हाँ सच


मैं दुश्मनी निभाउंगा तो दोस्ती ही की तरह
मुझे तू आज़मा के देख तो कभी ज़रा, हाँ सच



वो रोशनी की बात करता होगा सबके सामने
मगर उसे भी खुद है अपने दाग़ का पता, हाँ सच



मुझे भी जीतना तो आता है मगर, यूँ हार कर
गु़रूर को तेरे मैं जीतते हूँ देखता, हाँ सच



मैं मंदिरों में उससे कम ही मिलने आता जाता हूँ
वो रोज़ मेरे घर में आ के मुझसे है मिला, हाँ सच



वो जाते जाते मुझको ढेरों ग़म तो दे गया मगर
अज़ीज़ है मुझे हरेक अश्क़ जो बहा, हां सच



मैं आज सुर्खियों मे हूँ तो ’दोस्त’ बस तेरे लिये,
तुझे नहीं पता जो कर्ज़ मुझपे है तेरा, हाँ सच



ग़ज़ल- पलक झपक न जाये


मेरे से वो ख़फ़ा हुआ
खुद अपने से जुदा हुआ
.
चलो उसे तसल्ली हो
चलो मैं ही बुरा हुआ
.
मैं मुस्करा रहा था पर
उसे ये भी गिला हुआ
.
नहीं मिला मुझे वो, पर
मिला जो वो मेरा हुआ
.
पलक झपक ना जाये कि
ये अश्क़ है रुका हुआ
.
किसी ने बाज़ी हार ली
किसी का जीतना हुआ

बनेगा कैसे दोस्त वो
जो दुश्मनों का ना हुआ

जो अश्क़ आँखों में सजा
था राह में गिरा हुआ


ऐ ’दोस्त’ रुक के देख ले
है दर मेरा खुला हुआ

Tuesday, March 03, 2009

ग़ज़ल-ज़रा कर के दिखाये तो


ज़रा कर के दिखाये तो
मुझे दिल से भुलाये तो

चलो झूठे बहाने से
ही आये, पर वो आये तो

नई बातें तो की उसने
ग़ज़ल भी पर सुनाये तो

हज़ारों हाथ आयेंगे
वो पत्थर को हटाये तो

लड़े है सब मगर कोई
नया मज़हब चलाये तो

मैं उसको आँसू दे दूँगा
मेरा मातम मनाये तो

तमन्ना है सौ सालों की
जो संग वो मुस्कराये तो
.
अरे मैं जां भी दे देता
मगर वो आज़माये तो
.
मनाना भी है क्या मुश्किल
वो पहले हार जाये तो

खुदा भी मिल ही जायेगा
किसी के काम आये तो

कभी ऐ ’दोस्त’ वो मुझे
खु़द अपने से मिलाये तो

.
(चित्र: गूगल इमेज साभार)

Thursday, January 29, 2009

ग़ज़ल- मैं समंदर सा पिये बैठा हूँ सारा दर्द


आशना हो कर कभी नाआशना हो जायेगा
क्या ख़बर थी एक दिन वो बेवफ़ा हो जायेगा
(आशना- friend, confidant नाआशना- stranger)
.
मैंने अश्क़ों को जो अपने रोक कर रक्खा, मुझे
डर था इनके साथ तेरा ग़म जुदा हो जायेगा

क्या है तेरा क्या है मेरा गिन रहा है रात-दिन
आदमी इस कश्मकश में ही फ़ना हो जायेगा
(कश्मकश- confusion, फ़ना- destroy, end)
.
मैं अकेला हूँ जो सारी दुनिया को है फ़िक्र, पर
तारों के संग चल पड़ा तो क़ाफ़िला हो जायेगा
.
मुझको कोई ख़ौफ़ रुसवाई का यूँ तो है नहीं
लोग समझाते हैं मुझको तू बुरा हो जायेगा

(रुसवाई- disgrace, bad name)

मैं समंदर सा पिये बैठा हूँ सारा दर्द जो
एक दिन गर फट पड़ा तो जाने क्या हो जायेगा

पत्थरों में ’दोस्त’ किसको ढूँढता है हर पहर
प्यार से जिससे मिलेगा वो खु़दा हो जायेगा
.
(मुझे ग़ज़ल की बहर-ओ-वज़न और दूसरी बारीक़ियों से वाक़िफ़ करवाने के लिये महावीर जी की हमेशा ही बहुत आभारी हूँ।)

Saturday, January 17, 2009

मिला जो तेरा हाथ - ग़ज़ल



मैं राह में गिरा तो जैसे टूट कर बिखर गया
मिला जो तेरा हाथ तो वजूद ही सँवर गया

वो फिर से कह रहे थे मुझसे, देँगे मुझपे जान भी
मगर मैं ऐतबार के ही नाम से सिहर गया

जो उसके रुख़ से गिर गया हिजाब मेरे सामने
मेरी नज़र से धुल के वो कुछ और भी निखर गया

सुना जो उनकी बज़्म में हुआ था तेरा ज़िक्र, मैं
हज़ार बार तेरा हाल जानने उधर गया

जो ज़र्रे को भी चल गया पता अब अपनी हस्ती का
वो उड़ के थोड़ी देर फिर ज़मीन पर उतर गया

अभी तक उसकी खुश्बु से महक रही है ज़िँदगी
वो कौन था ऐ 'दोस्त' जो क़रीब से गुज़र गया
.
वज़न-१२१२
बहर-मफ़ाइलुन-४

Thursday, December 11, 2008

ग़ज़ल- दरीचे से बाहर खुला आसमां है


हज़ारों हैं खुशियाँ यहाँ ज़िंदगी में
ग़मों की जगह फिर कहाँ ज़िंदगी में


कटेगा ये मुश्किल सफ़र मुस्कराते
मिले साथी सच्चा जहाँ ज़िंदगी में


हुए कब हैं पूरे हर अरमां किसी के
मिला किस को सब है यहाँ ज़िंदगी में


दरीचे से बाहर खुला आसमां है
ज़रा झाँक आओ वहाँ ज़िदगी मॆं


न जाने हैं शक़्लें भी कितनी तरह की
मुखौटों के पीछे यहाँ ज़िंदगी में


तजुर्बा नया है सिखाता जो लम्हा
कोई याद रखता कहाँ ज़िंदगी में


चलो ’दोस्त’ हम भी समझ लें इन्हें, ये
जो दो चार पल हैं यहाँ ज़िंदगी में


(महावीर जी का तहे दिल से शुक्रिया इस गज़ल को अपने इस रूप तक लाने का। उन्होंने बहुत समय दिया है अपना, वैसे तो हमेशा ही, जब भी मैंने उन्हें अपनी रचनायें भेजी हैं।)

Monday, December 01, 2008

ग़ज़ल- डूबना था हमको देखो, पर किनारा बन गये



जो अंधेरों से उठे तो फिर उजाला बन गये
क्या हुआ 'गर जुगनु थे कल, अब सितारा बन गये


जब उठा तूफ़ां तो हम सैलाब से बहने लगे
डूबना था हम को देखो पर किनारा बन गये


सोचते थे इस जहां में हम सभी से हैं जुदा
राह चल के दूसरों की हम ज़माना बन गये



इस ज़मीं पर गिर के देखा, स्याह रातें काट ली
उठ गये फिर आस्मां में और हाला बन गये


(हाला- चंद्रमंडल/halo)


'दोस्त' तुम को तो भरोसा था बड़ा तदबीर पर
तुम भी क्या तक़दीर का खु़द ही निशाना बन गये?



(तहे दिल से शुक्रगुज़ार हूँ मैं महावीर शर्मा जी और प्राण शर्मा जी का जिन्होंने मेरी इस ग़ज़ल को सँवारने में मेरी मदद की साथ ही अनूप शुक्ल जी को धन्यवाद जिन्होंने हमेशा एक सच्चे दोस्त की तरह मुझे प्रोत्साहन दिया है, चाहे वो कोई लेख अप्रूव करवाना हो या कोई साधारण सी पोस्टिंग ही सही...)